चंडीगढ़, 16 जुलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार, 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से निर्धारित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से पीईसी लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 2/3-10/11 चौक तक यातायात को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा या कुछ समय के लिए प्रतिबंधित रखा जा सकता है। आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक इस मार्ग का उपयोग करने से बचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट अवश्य देखें। साथ ही केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और नो-पार्किंग जोन, साइकिल ट्रैक तथा पैदल मार्ग पर वाहन खड़े करने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस दौरे के दौरान चंडीगढ़ को 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। वे पीजीआईएमईआर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन करेंगे। 300 बेड वाला एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं, गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। वहीं एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरो-क्रिटिकल केयर और उन्नत जांच सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत 150 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। शिक्षा क्षेत्र में वे पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तथा गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-46 में छात्रावासों सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री मोहाली आईटी सिटी से कुराली तक बनने वाले छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। साथ ही जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे (एनएच-205ए) के पीआर-7 कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ट्राईसिटी क्षेत्र के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच संपर्क और यातायात व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।