चंडीगढ़ , जून 3
पंजाब में अब प्राइवेट स्कूल पांच प्रतिशत से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा सकेंगे। सीएम भगवंत मान ने इसकी घोषणा की। अब इस संदर्भ में आगामी विधानसभा सत्र में कानून लाया जाएगा।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम मान ने कहा कि पहले तीन साल में जिस स्कूल ने 15 फीसदी फीस बढ़ाई है, उन्हें पेरेंट्स को रिफंड करना होगा। सीएम ने कहा कि पहले स्कूल मनमाने ढंग से फीस बढ़ाते थे।
अमृतसर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या मामले पर सीएम ने कहा कि एक होनहार छात्रा स्कूल माफिया का शिकार बन गई। स्कूल ने मनमानी फीस वसूलने का दबाव बनाया और छात्रा को प्रताड़ित किया। छात्रा को जान देने के लिए मजबूर किया गया। हम निजी स्कूलों को मनमानी नहीं करने देंगे।
चंडीगढ़, 2 जून
शहर में बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन के मामले ने अचानक तेज मोड़ ले लिया जब प्रशासन ने मशहूर रैपर बादशाह से जुड़े एक लोकप्रिय क्लब को सील कर दिया। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे बिल्डिंग वॉयलेशन और नियमों की अनदेखी के बाद की गई, जिससे शहर में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, क्लब संचालकों को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे, जिसमें अवैध निर्माण हटाने और भवन को स्वीकृत नक्शे के अनुसार ठीक करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन तय समय सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं होने पर एस्टेट ऑफिस की टीम मौके पर पहुंची और क्लब को तत्काल सील कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ में बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। शहर के सेक्टर-7 और सेक्टर-26 में पहले भी कई क्लब और बार नोटिस का सामना कर चुके हैं। हाईकोर्ट ने भी शहर की हेरिटेज और प्लानिंग व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया है।
क्लब परिसर में ओपन एरिया को कवर करने, बिना मंजूरी निर्माण करने और स्वीकृत बिल्डिंग प्लान में बदलाव जैसे उल्लंघन पाए गए थे। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी नियम तोड़ने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चंडीगढ़, 21 मई
चंडीगढ़ में बम धमकी वाले ईमेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की सुबह शहर के कई निजी स्कूलों को एक बार फिर से धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं।
सबसे पहले सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-40 में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल और सेक्टर-25 के चितकारा इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तत्काल स्कूल परिसरों में पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सुरक्षा जांच के दौरान स्कूल भवनों और परिसर की हर कोने की गहन जांच की गई। हालांकि, किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। इसके बाद ही स्कूलों को सुरक्षित घोषित किया गया और प्रबंधन ने कक्षाएं दोबारा शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में यह चौथी बार है जब चंडीगढ़ के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इससे पहले कई स्कूलों के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट और नगर निगम चंडीगढ़ जैसे सरकारी संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
सूत्रों का कहना है कि हाल के ईमेल अलग-अलग समय पर विभिन्न स्कूलों को भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है और नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साइबर सेल ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए जुटी हुई है, और शहर में सुरक्षा व्यवस्था चौकसी के साथ बरकरार रखी गई है।