Breaking News :

मुंबई में सजेगा हॉलीवुड का सबसे बड़ा मंच… भारत पहुंचे टॉम हॉलैंड और क्रिस्टोफर नोलन

Tom Holland In Mumbai 1783672793518 1280x720
Published On: July 10, 2026

मुंबई, 10 जुलाई

हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ओडिसी’ की रिलीज से पहले भारत में इसके भव्य प्रीमियर की तैयारियां जोरों पर हैं। भारतीय दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर बढ़ते उत्साह को देखते हुए निर्माता कंपनी ने मुंबई को अपने ग्लोबल प्रीमियर टूर का अहम पड़ाव बनाया है। इसी सिलसिले में फिल्म के निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और मुख्य अभिनेता टॉम हॉलैंड शुक्रवार को मुंबई पहुंच गए।

मुंबई पहुंचने पर टॉम हॉलैंड का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। लग्जरी कार में रॉयल अंदाज में शहर में एंट्री लेने वाले अभिनेता को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक और पैपराजी मौजूद रहे। फैंस ने जोरदार उत्साह के साथ उनका नाम पुकारा, जिस पर टॉम ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।

फिल्म के निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन भी प्रीमियर में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। यह पहली बार है जब उनकी किसी फिल्म का आधिकारिक प्रीमियर भारत में आयोजित किया जा रहा है। फिल्म ‘द ओडिसी’ 17 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।

मुंबई में आयोजित होने वाले इस खास प्रीमियर इवेंट में क्रिस्टोफर नोलन के साथ उनकी प्रोड्यूसर और पत्नी एमा थॉमस भी मौजूद रहेंगी। वहीं, टॉम हॉलैंड के अलावा हॉलीवुड अभिनेता मैट डेमन भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। यूनिवर्सल पिक्चर्स इंटरनेशनल ने अपने ग्लोबल प्रीमियर टूर में मुंबई को आधिकारिक स्टॉप के रूप में शामिल किया है, जिससे यह शहर लंदन, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों की सूची में शामिल हो गया है।

फिल्म ‘द ओडिसी’ तकनीकी दृष्टि से भी बेहद खास मानी जा रही है। नई विकसित IMAX तकनीक का उपयोग करते हुए कई देशों में शूट की गई यह पहली फीचर फिल्म है, जिसे पूरी तरह IMAX कैमरों से फिल्माया गया है। इसका भारतीय प्रीमियर मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम स्थित PVR ICON IMAX में आयोजित किया जाएगा।

Logo