बठिंडा, 20 जुलाई
बठिंडा में एसएसपी और डीसी आवास के निकट स्थित मिनी सचिवालय की दीवारों पर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा प्रवासियों के विरोध में नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और विवादित नारों को तुरंत कालिख पोतकर ढक दिया, ताकि किसी तरह का तनाव या विवाद न फैल सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अज्ञात लोगों ने देर रात मिनी सचिवालय की दीवारों पर प्रवासी समुदाय के खिलाफ नारे लिख दिए। रविवार होने के कारण सचिवालय में कर्मचारियों और आम लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी, जिससे प्रशासन को इस घटना की जानकारी देर से मिल सकी। जैसे ही अधिकारियों को मामले का पता चला, संबंधित स्थानों पर पहुंचकर नारों को कालिख से ढक दिया गया।
बताया जा रहा है कि ये नारे मिनी सचिवालय के गेट नंबर चार से आगे की दीवारों तक कुल चार अलग-अलग स्थानों पर लिखे गए थे। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस हरकत के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मिनी सचिवालय की दीवारों को निशाना बनाया गया हो। लगभग एक वर्ष पहले भी अज्ञात व्यक्तियों ने इसी स्थान पर खालिस्तान समर्थक नारे लिख दिए थे, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें तत्काल हटाकर जांच शुरू की थी। एक बार फिर इस तरह की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।