Breaking News :

‘आदर्श बाल विद्यालय’ में बच्चों की मस्ती और कॉमेडी का तड़का, ट्रेलर ने बढ़ाई रिलीज की उत्सुकता

Images
Published On: July 13, 2026

मुंबई, 13 जुलाई

निर्देशक हिमांक गौर की आगामी कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। हल्के-फुल्के हास्य, बच्चों की शरारतों और मनोरंजक घटनाओं से भरपूर इस सीरीज का ट्रेलर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है। यह सीरीज 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया भर में स्ट्रीम होगी।

जारी ट्रेलर में ज्ञानेश्वर त्रिपाठी के किरदार में केके मेनन एक ऐसे लापरवाह स्कूल प्रिंसिपल की भूमिका निभाते नजर आते हैं, जो अपने स्कूल के बच्चों को सरकार प्रायोजित कैम्ब्रिज ट्रेनिंग प्रोग्राम में भेजने का सपना देखता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह अपने शिक्षकों की टीम के साथ मिलकर छात्रों को अनुशासित और बेहतर बनाने की कोशिश करता है।

हालांकि, स्कूल के शरारती और बिगड़ैल बच्चों की हरकतें उसके लिए लगातार नई परेशानियां खड़ी करती हैं। बच्चों की अजीबोगरीब शरारतों और अप्रत्याशित घटनाओं के बीच प्रिंसिपल का कैम्ब्रिज भेजने का सपना मुश्किलों में घिरता नजर आता है। इसी संघर्ष को हास्य और भावनात्मक अंदाज में ट्रेलर में प्रस्तुत किया गया है।

सीरीज में केके मेनन के साथ अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी, प्राची शाह और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। हिमांक गौर के निर्देशन में बनी इस सीरीज के कुल सात एपिसोड होंगे। ‘आदर्श बाल विद्यालय’ 24 जुलाई से हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल के साथ भारत और दुनिया भर के दर्शकों के लिए प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी।

Logo