चंडीगढ़, 11 जून
पंजाब में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को कई क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बारिश और मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं शनिवार से सोमवार तक तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि बुधवार को प्रदेश में गर्मी का कहर बरकरार रहा। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का अहसास कराया। इसके अलावा फिरोजपुर में 43.3 डिग्री, पटियाला में 43.6 डिग्री और अमृतसर में 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि पठानकोट में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक बदले हुए मौसम का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चंडीगढ़, 30 मई
ट्राईसिटी क्षेत्र में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया। सुबह होते ही आसमान पर घने बादलों ने डेरा जमा लिया और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने पिछले कई दिनों से झुलसा रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई।
हालांकि सुबह अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले लोगों को तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन जल्द ही ठंडी हवाओं और फुहारों ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। मौसम में आई इस नरमी से लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले शुक्रवार को भी तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि शनिवार को मौसम और अधिक सुहावना हो गया।
इधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी मानसून को लेकर महत्वपूर्ण पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार जून से सितंबर के बीच देश में औसतन 90 प्रतिशत वर्षा होने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक उत्तर-पूर्वी भारत में सामान्य वर्षा दर्ज हो सकती है, जबकि देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने बताया कि देश के प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मानसून की वर्षा दीर्घकालिक औसत के 94 प्रतिशत से कम रहने की संभावना है। वहीं जून महीने में भी सामान्य से कम, यानी 92 प्रतिशत से कम वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले सात दिनों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून की शुरुआत एक जून के आसपास केरल से होती है। मौसम वैज्ञानिकों ने प्रशांत महासागर में ‘अल नीनो’ जैसी परिस्थितियां विकसित होने की आशंका जताई है, जिसका असर देशभर में वर्षा के पैटर्न पर पड़ सकता है।
इसके साथ ही विभाग ने चेतावनी दी है कि जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में सामान्य से अधिक दिनों तक लू चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम की यह मौजूदा राहत भले ही लोगों को सुकून दे रही हो, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।
नई दिल्ली , May 20
उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 13 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत के 13 राज्यों में अगले 16 घंटों में तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
IMD के अनुसार दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का संभावना है। मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं अगले कई दिनों तक उत्तर भारत के सभी राज्यों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 21 से 26 मई के दौरान भीषण हीव वेव का अलर्ट जारी किया है। जहां सुबह से शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ सकते हैं, वहीं आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान हवाओं की स्पीड करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में पारा के 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार है।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। बांदा जिले में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच चुका है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, 20 से 26 मई तक लू और भीषण लू का असर रहेगा। जबकि लखनऊ में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, नोडएा और बरेली में गर्म रातें पड़ सकती हैं।
पंजाब के चंडीगढ़ में तापमान करीब 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, आने वाले दिनों में भीषण लू का असर देखने को मिलेगा। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में भीषण गर्मी के बीच धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 26 मई तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में कल से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और मंडी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।