Breaking News :

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन

Untitled Design 2026 06 12t095542 1781238365
Published On: June 12, 2026

चंडीगढ़, Jun 12

भारतीय निशानेबाजी जगत को गुरुवार रात बड़ा झटका लगा, जब देश के प्रसिद्ध निशानेबाजी कोच और पूर्व एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव के अनुसार राणा ने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। हाल ही में वे जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF विश्व कप से भारतीय दल के साथ लौट रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

जसपाल राणा भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने भारत को कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गौरव दिलाया था और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई थी।

कोच के रूप में भी उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। उनके मार्गदर्शन में कई भारतीय निशानेबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। उनके निधन से भारतीय खेल जगत, विशेषकर निशानेबाजी समुदाय में शोक की लहर है। खेल प्रशासकों, खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि यह भारतीय खेल जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। राणा का बृहस्पतिवार की रात को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 49 वर्ष के थे। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ”जसपाल राणा जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका निधन भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी क्षति है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि राणा ने निशानेबाजी में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश को अपार गौरव बढ़ाया तथा एक कोच के रूप में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ”उत्कृष्टता, अनुशासन और खेल जगत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें अपार सराहना दिलाई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और संपूर्ण खेल जगत के साथ हैं। ओम शांति।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर जसपाल राणा के आकस्मिक निधन से मैं स्तब्ध और शोकाकुल हूँ। जसपाल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ अत्यंत सहज, सरल और बहुत ही नेकदिल इंसान थे। भारत में शूटिंग को एक खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी प्रभावी भूमिका थी।

जसपाल राणा ने वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप एवं एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल दिला कर भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन किया। उनके निधन से भारतीय खेल जगत को एक बड़ी क्षति हुई है। ईश्वर उनके शोक-संतप्त परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रसशंकों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ।

Logo