Breaking News :

ओमान तट के पास टैंकर में लगी आग, 20 भारतीय नाविकों की सुरक्षित निकासी

टीम इंडिया को लगा एक और बड़ा झटका ! फिटनेस क्लीयरेंस के बाद अचानक बाहर हुए हार्दिक

मुंबई, 10 जून

अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ताजा चोट के कारण पूरी तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति से न केवल टीम संयोजन प्रभावित होगा, बल्कि चयन और फिटनेस प्रक्रिया को लेकर भी नए सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार हार्दिक पांड्या हाल ही में आईपीएल के दौरान हुई पीठ की ऐंठन से उबर रहे थे और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस का आकलन करा रहे थे। इसी दौरान गेंदबाजी परीक्षण के समय उनकी जांघ की मांसपेशी यानी क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव आ गया। बताया जा रहा है कि फिटनेस टेस्ट के दौरान उन्होंने पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन इसी प्रक्रिया में नई चोट सामने आ गई।

दिलचस्प बात यह है कि एक दिन पहले ही खबरें सामने आई थीं कि रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या दोनों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खेलने की मंजूरी मिल गई है। ऐसे में अब अचानक उनके सीरीज से बाहर होने की खबर ने क्रिकेट प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर कई फैंस सवाल उठा रहे हैं कि जब फिटनेस क्लीयरेंस मिल चुकी थी तो फिर नई चोट की जानकारी एक दिन बाद कैसे सामने आई। इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, हार्दिक को पूरी तरह फिट होने के लिए करीब तीन सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा। ऐसे में उनके लिए अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल पाना संभव नहीं होगा। बोर्ड और टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं हैं और उन्हें पूरी तरह फिट होने का समय दिया जाएगा।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जून से धर्मशाला में शुरू होगी। दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। हार्दिक के बाहर होने से टीम इंडिया के संतुलन पर असर पड़ सकता है, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हाल ही में हार्दिक को भारतीय टी-20 टीम से आराम दिया गया था ताकि वह वनडे क्रिकेट पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। चयन समिति और टीम प्रबंधन उन्हें 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों का अहम हिस्सा मानते हैं। वर्ष 2023 के वनडे विश्व कप के दौरान लगी टखने की चोट के बाद टीम इंडिया को संतुलन बनाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, इसलिए इस बार उनकी फिटनेस को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

अब सभी की निगाहें अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज पर टिकी हैं। भारतीय टीम और क्रिकेट प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि हार्दिक समय पर पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे, क्योंकि आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की टीम घोषित, प्रिंस और गुरनूर को मिला पहला मौका

नई दिल्ली, मई 19

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। पुरुष चयन समिति की गुवाहाटी में मंगलवार को हुई बैठक के बाद टीम का चयन किया गया। इस सीरीज में टीम के अनुभवी कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शामिल हैं, हालांकि दोनों के खेलने का फैसला उनके फिटनेस पर निर्भर करेगा। आईपीएल 2026 के समाप्त होने के बाद होने वाली यह सीरीज आगामी वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

इस सीरीज में दो नए चेहरे, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार भारतीय वनडे टीम में मौका मिला है। वहीं, हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हुई है, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है और वे इस बार टेस्ट टीम का भी हिस्सा नहीं हैं। भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को इस बार वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जडेजा को बाहर नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें आराम दिया गया है।

टीम शुभमन गिल की कप्तानी में खेलती नजर आएगी, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। केएल राहुल और ईशान किशन विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल हैं, और ईशान टी20 टीम के बाद वनडे टीम में भी वापसी करने में सफल रहे हैं। हालांकि शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन को इस बार मौका नहीं मिला है।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी हैं: शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।

Logo