चंडीगढ़, 21 मई
चंडीगढ़ में बम धमकी वाले ईमेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की सुबह शहर के कई निजी स्कूलों को एक बार फिर से धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं।
सबसे पहले सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-40 में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल और सेक्टर-25 के चितकारा इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तत्काल स्कूल परिसरों में पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सुरक्षा जांच के दौरान स्कूल भवनों और परिसर की हर कोने की गहन जांच की गई। हालांकि, किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। इसके बाद ही स्कूलों को सुरक्षित घोषित किया गया और प्रबंधन ने कक्षाएं दोबारा शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में यह चौथी बार है जब चंडीगढ़ के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इससे पहले कई स्कूलों के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट और नगर निगम चंडीगढ़ जैसे सरकारी संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
सूत्रों का कहना है कि हाल के ईमेल अलग-अलग समय पर विभिन्न स्कूलों को भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है और नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साइबर सेल ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए जुटी हुई है, और शहर में सुरक्षा व्यवस्था चौकसी के साथ बरकरार रखी गई है।