नई दिल्ली, 3 जून
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र 2026-27 का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसमें भारत का बहुप्रतीक्षित न्यूजीलैंड दौरा सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा है। यह दौरा न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े द्विपक्षीय आयोजनों में गिना जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम करीब 40 दिनों तक कीवी धरती पर क्रिकेट का रोमांच बिखेरेगी।
कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम 22 अक्तूबर से एक दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच एकदिवसीय और दो टेस्ट मैच शामिल हैं। यह श्रृंखला न्यूजीलैंड के पांच प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों को इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के मुख्य मार्केटिंग एवं कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह ऐसा अवसर है जो शायद एक पीढ़ी में एक बार ही आता है। उनके अनुसार क्रिकेट जगत में भारत से बड़ा आकर्षण कोई नहीं है और न्यूजीलैंड के दर्शकों को इस बार ऐसा अनुभव मिलने वाला है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ क्रिकेट श्रृंखला नहीं, बल्कि दोनों देशों के लंबे खेल संबंधों, सांस्कृतिक जुड़ाव और बढ़ती मित्रता का उत्सव भी है।
इस दौरे को न्यूजीलैंड सरकार का भी समर्थन प्राप्त है। सरकार ने इसे भारत और न्यूजीलैंड के बीच लगभग एक सदी पुराने खेल संबंधों को सम्मान देने वाला आयोजन बताया है। दोनों देशों के बीच क्रिकेट के माध्यम से विकसित हुए रिश्तों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस श्रृंखला को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
भारत का दौरा पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के साथ शुरू होगा। पहला और दूसरा मुकाबला 22 और 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा टी20 मैच 27 अक्तूबर को वेलिंगटन में होगा। चौथा मुकाबला 30 अक्तूबर को ऑकलैंड के प्रतिष्ठित ईडन पार्क में खेला जाएगा, जबकि पांचवां और अंतिम टी20 मैच एक नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आयोजित किया जाएगा।
इस बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट ने यह भी घोषणा की है कि स्काई न्यूजीलैंड अगले छह सत्रों तक क्रिकेट का आधिकारिक प्रसारण साझेदार रहेगा। स्काई के स्पोर्ट्स कंटेंट प्रमुख गैरी बर्चेट ने कहा कि भारत का दौरा विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है और इसे दर्शकों तक यादगार अंदाज में पहुंचाने की व्यापक तैयारी की जा रही है।
श्रृंखला को लेकर उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टिकटों की भारी मांग की संभावना जताई जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों को अगस्त में शुरू होने वाली विशेष प्री-सेल प्रक्रिया के लिए पहले से पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है, ताकि वे इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट महोत्सव का हिस्सा बन सकें।