मुंबई, 30 जून
अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति तथा राजनेता राघव चड्ढा ने मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान दोनों ने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
परिणीति चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस यात्रा का एक भावनात्मक वीडियो साझा किया है। वीडियो में वह पीच रंग की पारंपरिक साड़ी पहनकर सिर ढके हुए नजर आ रही हैं, जबकि राघव चड्ढा पारंपरिक परिधान के साथ केसरिया शॉल ओढ़े दिखाई दे रहे हैं। दोनों मंदिर के पुजारियों के साथ पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-पाठ और प्रार्थना करते नजर आते हैं।
वीडियो साझा करते हुए परिणीति ने अपने प्रशंसकों के साथ एक बेहद निजी अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान एक शांत सुबह उन्होंने ‘शिव स्तुति’ रिकॉर्ड की थी। उस समय उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनकी यह प्रस्तुति लोगों के बीच इतनी लोकप्रिय हो जाएगी।
परिणीति ने लिखा कि उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान एक सुबह इस शिव स्तुति को रिकॉर्ड किया था और उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि इसे इतना स्नेह मिलेगा। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि यह स्तुति अब उनके प्रशंसकों की सुबह की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे कई वर्षों से यह उनके परिवार की सुबह की दिनचर्या का हिस्सा रही है।