मुंबई, 29 जुलाई
भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को भारतीय समयानुसार सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेलर को ब्रह्म मुहूर्त में लॉन्च किया जा रहा है, जिसे भारतीय परंपरा में अत्यंत शुभ माना जाता है। इससे पहले ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन मेकर्स ने अंतिम समय में इसकी तारीख आगे बढ़ा दी थी।
नमित मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस खास घोषणा को साझा करते हुए लिखा कि शुभ ब्रह्म मुहूर्त में 30 जुलाई, गुरुवार सुबह 4:15 बजे (IST) दुनिया भर में ‘रामायण’ के ट्रेलर के साथ इस महागाथा के आगमन का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने इसे अपनी टीम और पूरे प्रोजेक्ट के लिए बेहद भावुक और ऐतिहासिक क्षण बताया।
अपने बयान में नमित मल्होत्रा ने कहा कि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए ‘रामायण’ को वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने का उनका सपना अब साकार हो रहा है। इसी वजह से ट्रेलर को भारत के साथ-साथ दुनिया भर में एक साथ लॉन्च किया जाएगा। मेकर्स के अनुसार ट्रेलर हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भारतीय भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है, जिससे इसे लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
घोषणा के बाद से ही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस मेगा प्रोजेक्ट का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG को सौंपी गई है, जिससे इसके भव्य स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दो भागों में बनाई जा रही यह फिल्म भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित है, जिसमें भगवान विष्णु के अवतार श्रीराम की जीवनगाथा को बड़े पर्दे पर भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आने की योजना है।