Breaking News :

फिर फटा बादल… हाईवे पर मलबे का सैलाब, दबी गाड़ियां, दहशत में लोग

Whatsapp Image 2026 07 03 At 8.26.00 Am
Published On: July 3, 2026

रामपुर, 3 जुलाई

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के चोलिंग क्षेत्र में शुक्रवार तड़के बादल फटने से भारी तबाही का मंजर देखने को मिला। अचानक आए मलबे और तेज बहाव ने शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार मलबे में दो वाहन दब गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि वाहनों में रखा कुछ सामान मलबे और तेज बहाव में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राजमार्ग पर जमा भारी मलबे को हटाने और हालात का जायजा लेने का काम तुरंत शुरू किया गया। पोकलेन मशीनों की सहायता से मलबे में दबे वाहनों को बाहर निकालने की कवायद की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद चोलिंग के पास बाधित एनएच-5 को बहाल कर दिया गया, जिसके बाद शिमला और किन्नौर के बीच वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई। प्रशासन ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

उधर, किन्नौर जिले की रिब्बा खड्ड में भी वीरवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब तीन बजे अचानक बाढ़ आ गई। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पानी मलबे के साथ सड़कों और रास्तों पर फैल गया। तेज बहाव और पानी की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। बाढ़ के चलते रिब्बा से कंडे को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह लोगों ने देखा कि खड्ड के आसपास और रास्तों पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है तथा कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह मलबे से पट गई हैं।

ग्रामीणों को अपने वाहनों को मलबे से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े स्तर पर संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शिमला, कुल्लू, ऊना और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। चार जुलाई को कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट रहेगा, जबकि पांच और छह जुलाई को भी प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Logo