बेंगलुरु, जुलाई 2
बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने मुख्यालय पहुंचकर पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चली जांच के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और प्रारंभिक जांच में धमकी को फर्जी पाया गया।
पुलिस के अनुसार ईमेल मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक एवं बम खोजी दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉयड की मदद से भवन और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कहीं भी विस्फोटक या कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद स्पष्ट हुआ कि यह धमकी झूठी थी।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच देश की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से की जा रही है। साइबर सेल धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान, उसकी आईपी एड्रेस और इसके पीछे के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार संजयनगर थाना इस मामले की जांच कर रहा है। जांच एजेंसियां ईमेल भेजने वाले व्यक्ति तक पहुंचने और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकी के पीछे कोई शरारत थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।