चंडीगढ़ , जुलाई 10
पंजाब की अलग-अलग किसान जत्थेबदियां आज भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) की अगुवाई में चंडीगढ़ में जुटेंगी। इस दौरान वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौता और लैंड पूलिंग पॉलिसी का विरोध करेंगे। प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
सुबह सेक्टर-34 में किसानों की तरफ से धरना दिया जाएगा और इसके बाद ही मटका चौक तक रोष मार्च निकाला जाएगा। किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि अगर भारत-अमेरिका समझौता लागू हो जाता है तो इससे किसानों के साथ ही छोटे व्यापारियों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ेगा इसलिए किसी भी हालत में इस समझौते को लागू नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने पंजाब सरकार से भी मांग की कि नई लैंड पूलिंग पॉलिसी को रद्द किया जाना चाहिए क्योंकि किसान पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें ऐसी कोई नीति मंजूर नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जंग के कारण जो महंगाई की मार आम लोगों पर डाली गई है उससे राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा आज सभी छोटे व्यापारियों और मजदूर वर्ग को भी संघर्ष में साथ आना होगा।