सोलन, 10 जुलाई
हिमाचल प्रदेश में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और नदियों-नालों के उफान पर आने से सिरमौर और सोलन जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सिरमौर के पांवटा उपमंडल और सोलन जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को छात्रों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।
सिरमौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि शिलाई क्षेत्र के पास गुरुवार देर शाम एक बैल गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियां टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा समेत कई छोटे-छोटे बरसाती नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचें तथा पूरी सतर्कता बरतें। साथ ही मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किए जाने के बाद पांवटा के उपमंडलाधिकारी द्विज गोयल ने देर रात आदेश जारी करते हुए उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल वाटिकाओं और अन्य शिक्षण संस्थानों में छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया। आदेश में यह भी कहा गया है कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुख और कर्मचारी प्रशासनिक तथा आपातकालीन कार्यों के लिए आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध रहेंगे।
बारिश का असर सड़क यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार सिरमौर जिले में कुल 34 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21 सड़कें, संगड़ाह की 8, नाहन की 4 और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है। सड़कें बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों की आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं।
उधर, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने भी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी सलाह पर अमल करने की अपील की है।