Breaking News :

शादी के 10 साल बाद दिव्यांका के घर गूंजी किलकारी, जुड़वां बेटों के जन्म से खुशी दोगुनी

Article L 2026514512152344123000
Published On: May 26, 2026

मुंबई, 26 मई

टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के 10 साल बाद दिव्यांका मां बन गई हैं और उनकी खुशी उस वक्त दोगुनी हो गई जब उन्होंने जुड़वां बेटों को जन्म दिया। इस खुशखबरी को कपल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा किया, जिसके बाद बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

टीवी सीरियल ‘ये है मोहब्बतें’ में ‘ईशी मां’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली दिव्यांका ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद प्यारा पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में दो नन्हे बच्चों की तस्वीर दिखाई गई, जिसमें दोनों हल्के नीले रंग की ड्रेस में नजर आ रहे हैं। हालांकि तस्वीर में बच्चों का चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन पोस्ट के जरिए कपल ने बताया कि उनके घर जुड़वां बेटों का जन्म हुआ है।

पोस्टर पर लिखा था, “हमने खुशी मांगी थी, भगवान ने कहा — दोगुनी खुशी लो।” इसके साथ ही दिव्यांका और विवेक ने भावुक शब्दों में लिखा कि उनका इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है और अब उनकी जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। उन्होंने प्यार भरे अंदाज में अपने बेटों को “करण अर्जुन” भी कहा।

इस खुशखबरी के सामने आते ही टीवी इंडस्ट्री और फैंस की ओर से शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई। माही विज ने नवजात बच्चों पर प्यार बरसाते हुए कपल को बधाई दी, जबकि श्रेनु पारिख और हितेन तेजवानी समेत कई कलाकारों ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं भेजीं।

गौरतलब है कि मार्च महीने में इस कपल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पहले बच्चे के आने की जानकारी दी थी। इसके बाद दिव्यांका ने अपने मैटरनिटी फोटोशूट की कई खूबसूरत तस्वीरें भी साझा की थीं। दिव्यांका और विवेक की मुलाकात टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी और दोनों ने साल 2016 में शादी की थी। अब शादी के एक दशक बाद उनके घर आई इस दोहरी खुशी ने फैंस को भी बेहद उत्साहित कर दिया है।

Logo