नई दिल्ली, 17 जुलाई
हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलित संयोजन वाली इस टीम की कमान सलीमा टेटे को सौंपी गई है। भारतीय टीम अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में दमदार प्रदर्शन के इरादे से उतरेगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने चयनित टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि बड़े टूर्नामेंट को ध्यान में रखकर संतुलित टीम चुनी गई है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय शिविर में कड़ी मेहनत की है और पूरी टीम विश्व कप में दुनिया की शीर्ष टीमों का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता रखती है।
भारतीय टीम हाल ही में शानदार लय में नजर आई है। पिछले महीने न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में भारत ने बिना कोई मुकाबला गंवाए खिताब अपने नाम किया था। इसी प्रदर्शन को विश्व कप में भी दोहराने की उम्मीद की जा रही है।
विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा। भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगी।
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम में गोलकीपर के रूप में सविता और बिचू देवी खारीबम को शामिल किया गया है। डिफेंडर के तौर पर इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति और शिल्पी डबास को जगह मिली है। मिडफील्ड में निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, कप्तान सलीमा टेटे, नेहा और दीपिका सोरेंग शामिल हैं। वहीं फॉरवर्ड लाइन में लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को मौका दिया गया है।