नई दिल्ली, 01 अगस्त
महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत और बढ़े हुए खर्च, दोनों की खबर लेकर आई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है, जबकि विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के दाम बढ़ा दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर यह संशोधन किया गया है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की कीमत घटकर 2,728 रुपये हो गई है, जो पहले 2,930 रुपये थी। इस तरह सिलिंडर के दाम में करीब 202 रुपये की कमी आई है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कटौती के बाद नया मूल्य 2,872.50 रुपये निर्धारित किया गया है। दूसरी ओर, एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत 110 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 115 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इससे पहले 1 जुलाई को एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई थी, जिसका असर अब समाप्त हो गया है।
व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में यह लगातार दूसरी मासिक कटौती है। इससे पहले 1 जुलाई को भी तेल विपणन कंपनियों ने 183.50 रुपये की कमी की थी। लगातार दो महीनों में हुई इस राहत से होटल, रेस्तरां, ढाबे, चाय की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संचालन लागत कम होने की उम्मीद है।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस बार कोई राहत नहीं दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये की मौजूदा कीमत पर ही उपलब्ध रहेगा।
इससे पहले 1 जुलाई को व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की कीमत में बड़ी कटौती के बाद दिल्ली में इसका मूल्य 2,930 रुपये हो गया था। कोलकाता में यह 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये और पटना में 3,227 रुपये पर पहुंच गया था। वर्ष 2026 में यह पहली बड़ी राहत मानी गई थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि 1 जुलाई और 1 अगस्त को की गई दोनों कटौतियां पश्चिम एशिया संकट के कारण जून में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची एलपीजी कीमतों के बाद संभव हो सकी हैं। फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलिंडर की कीमत करीब 1,373 रुपये बढ़कर 1,740.50 रुपये से 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी। अब लगातार दो महीनों की कटौती के बाद कीमतों में उल्लेखनीय राहत मिली है। इसी क्रम में 5 किलोग्राम वाले बाजार मूल्य के एलपीजी सिलिंडर की कीमत भी घटाकर 762 रुपये कर दी गई है, जो पहले 808.50 रुपये थी।
हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी और एटीएफ की कीमतों की समीक्षा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन की कीमतों तथा विदेशी मुद्रा विनिमय दर के आधार पर की जाती है। राज्यों में वैट और अन्य स्थानीय करों के कारण अंतिम कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है।
घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में पिछली बार 7 जून को 29 रुपये प्रति सिलिंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले मार्च में भी पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी के चलते 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
इसी बीच इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ए.एस. साहनी ने शुक्रवार को कहा था कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत अभी भी उसकी वास्तविक लागत से काफी कम रखी गई है। उनके अनुसार, कंपनी को प्रत्येक 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर पर लगभग 503 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। मई में दोनों ईंधनों के दाम करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे।