मुजफ्फरपुर, 04 जून
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से हड़कंप मच गया और 5 मरीजों की मौत हो गई। घटना ने अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों को दहशत में डाल दिया।
यह भयावह हादसा ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के प्रसाद अस्पताल में हुआ। जिला प्रशासन के अनुसार, आग लगने के समय आईसीयू में लगभग 13 से 15 मरीज भर्ती थे। धुएं और आग के बीच मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
जिलाधिकारी ने घटनास्थल का दौरा कर मृतकों की संख्या की पुष्टि की और कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आईसीयू के मरीजों को तत्काल परिजनों और प्रशासन की मदद से अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। प्रशासन अब मरीजों के परिजनों से संपर्क कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटा रहा है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग लगने का कारण आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की तेज़ी से पूरी वार्ड धुएं से भर गई, जिससे मरीजों को बाहर निकालने में मुश्किल हुई।
अस्पताल प्रबंधन ने प्रशासन के सहयोग से घटना की जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। वहीं जिला प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ मरीजों के संबंध में जानकारी अभी जुटाई जा रही है और मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ हादसे की गहन जांच में जुटा हुआ है।