चंडीगढ़, Jun 15
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर में एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। पश्चिमी रियो क्षेत्र में हवा में उड़ रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए, जिससे उनमें सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया।
रियो डी जेनेरियो के सैन्य दमकल विभाग के अनुसार टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर पास स्थित एक कार शोरूम पर गिर गया। शोरूम में कई इलेक्ट्रिक वाहन खड़े थे, जिनमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया और आग को बुझा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। हादसे की भयावह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञ यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर कैसे हुई।