Breaking News :

प्रधानमंत्री मोदी का इटली दौरा : जॉर्जिया मेलोनी को गिफ्ट किया ‘मेलोडी’ चॉकलेट पैकेट

154357780
Published On: May 20, 2026

नई दिल्ली, 20 मई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान एक खास और दोस्ताना पल चर्चा में आ गया है। भारत और इटली के बीच बढ़ते रिश्तों के बीच पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ चॉकलेट का पैकेट गिफ्ट किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह हाथ में ‘मेलोडी’ चॉकलेट पैकेट लिए नजर आ रही हैं और पीएम मोदी भी उनके साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के इस दोस्ताना Gesture को देखकर मेलोनी ने भी उनका धन्यवाद किया।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण का हिस्सा थी। रोम पहुंचने से पहले वह यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन और नार्वे का दौरा कर चुके थे। रोम में उनका स्वागत प्रधानमंत्री मेलोनी ने भव्य रात्रिभोज और ऐतिहासिक Colosseum के भ्रमण के साथ किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने इटली दौरे के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे मेलोनी के साथ औपचारिक वार्ता के लिए उत्साहित हैं, जिसमें भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श होगा।

इस अवसर पर रोम में मौजूद भारतीय समुदाय ने भी पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह में इतालवी कलाकारों ने कथक, कुचिपुड़ी और भरतनाट्यम जैसे भारतीय शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति दी, जबकि संतूर, तबला, बांसुरी और सितार की मधुर धुनों ने माहौल को और खास बना दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संगीत इटली में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने इटली के प्रसिद्ध चित्रकार से भी मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें वाराणसी पर आधारित अपनी कलाकृति भेंट की। मोदी ने कहा कि टोमासेत्ती का भारतीय संस्कृति से जुड़ाव चार दशक से अधिक पुराना है और उन्होंने महाभारत पर आधारित कई विशाल चित्र बनाए हैं।

Logo