चंडीगढ़, 21 जुलाई
पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख पर मुहर लगा दी गई। कैबिनेट के फैसले के अनुसार विधानसभा का मानसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा, जिसमें राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आम जनता के लिए एक बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार करीब 10 लाख नए लोगों को राशन कार्ड योजना के दायरे में शामिल करेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए राशन कार्ड पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बनाए जाएंगे। ‘नो कैश, नो फरमाइश’ के सिद्धांत पर आधारित इस व्यवस्था में किसी प्रकार की सिफारिश या लेनदेन की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
सरकार के अनुसार इस योजना में जरूरतमंद परिवारों, बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के लगभग 32 लाख परिवार ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। अब राशन कार्ड योजना में शामिल किए जाने वाले नए पात्र परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा, जिससे अधिक लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का फायदा पहुंच सकेगा।