Breaking News :

दो साल पहले ही छोड़ी राष्ट्रपति की कुर्सी… बांग्लादेश में अचानक इस्तीफे से बढ़ीं सियासी हलचलें

Images
Published On: July 24, 2026

ढाका, 24 जुलाई

बांग्लादेश की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके कार्यकाल के लगभग दो वर्ष अभी शेष थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके इस्तीफे को लेकर अटकलें लगातार तेज हो रही थीं। आखिरकार उन्होंने अपने पद से हटने का फैसला लेकर इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया।

76 वर्षीय मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने इस्तीफे की वजह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बताया है। उन्होंने स्थानीय समाचार पत्र द डेली स्टार से बातचीत में कहा कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं और इसी कारण उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।

राष्ट्रपति भवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि शहाबुद्दीन के प्रतिनिधि उनका त्यागपत्र लेकर संसद के लिए रवाना हो गए हैं। यह इस्तीफा संसदीय अध्यक्ष हाफिजुद्दीन अहमद को सौंपा जाएगा। बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, नए राष्ट्रपति के चुनाव तक संसदीय अध्यक्ष ही कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारियां संभालेंगे।

इधर, राष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद नए राष्ट्रपति को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्टों और विभिन्न स्वतंत्र सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी का नाम देश के शीर्ष संवैधानिक पद के संभावित दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक नए राष्ट्रपति के चयन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Logo