Breaking News :

दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के बच्चों की नामकरण संस्‍कार पूजा

Images
Published On: July 20, 2026

मुंबई , जुलाई 20

टीवी की दुनिया के सबसे पॉपुलर और पसंदीदा कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने हाल ही अपने जुड़वा बच्‍चों के नामकरण संस्‍कार की पूजा की है। इस दौरान घर पर सत्यनारायण पूजा रखी गई थी। कपल ने जुड़वा बेटों के लिए आयोजित इस खास रस्म और परिवार के साथ खुशी भरे पलों को रिकॉर्ड किया और अपने YouTube चैनल पर शेयर किया है।

41 साल की दिव्‍यांका त्र‍िपाठी ने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो की शुरुआत यह बताने से होती है कि यह पूजा उनके लिए कितनी खास है। दिव्यांका कहती हैं, ‘आज हमारे घर में जुड़वां बच्चों के आने के बाद पहली बार सत्यनारायण पूजा हुई।’ उन्होंने इसके सकारात्‍मक और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए भगवान का शुक्रिया अदा किया। दिव्यांका वीडियो में आगे बताती हैं, ‘यह हम सभी के लिए बहुत शांतिपूर्ण, पॉजिटिव और सच में खास दिन था। घर में पूजा, परिवार के साथ प्यारे पल और ढेर सारी दुआएं… बस दिल भर आया।’ इसके बाद हम व्‍लॉग में कपल को परिवार के सदस्यों के साथ पूजा करते, समय बिताते हुए और पूरी श्रद्धा के साथ रस्मों में हिस्सा लेते हुए देखते हैं।

हालांकि, कपल ने दोनों बच्‍चों के चेहरे को फिर से फैंस से छ‍िपाया है, लेकिन नन्‍हें कदमों और हाथों में लाली लगाते, रोली बंधते देख, फैंस का दिल खुशी से झूम उठा है। यूजर्स ने संस्‍कारों के प्रति दोनों की आस्‍था की भी तारीफ की है। एक ने लिखा, ‘कितना पैसा हो, खुशी हो, अपनी संस्कृति के साथ जुड़ा इंसान देखकर बहुत खुशी मिलती है। आप दोनों को सब खुशियां मिलती रहे, कभी मत बदलो।’

भोपाल में पैदा हुईं दिव्यांका और चंडीगढ़ के रहने वाले विवेक ने इसी महीने 08 जुलाई को शादी की 10वीं सालगिरह मनाई है। तब दिव्यांका ने दिल को छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया और लिखा, ‘कुछ साल बस गुजरते नहीं हैं… वे चुपचाप आपकी जिंदगी को नए सिरे से परिभाषित करते हैं। 2006 ने मुझे एक सपना दिया जिसके लिए मैंने बहुत मेहनत की। 2016 ने मुझे जिंदगी का सफर तय करने के लिए एक साथी दिया। 2026 ने हमें हमेशा के लिए संभालने के लिए दो छोटे चमत्कार दिए।’

Logo