भोपाल, 23 मई
बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी पति समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच समर्थ सिंह को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। अदालत ने यह मांग स्वीकार कर ली। साथ ही त्विषा के परिजनों की ओर से दायर आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि समर्थ सिंह को हिरासत में लेने के बाद सबसे पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी गई ताकि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने समर्थ सिंह को शरण दी थी, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन अदालत ने उसे आत्मसमर्पण की अनुमति नहीं दी। इसी दौरान भोपाल पुलिस की टीम वहां मौजूद थी और जबलपुर पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया गया।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब त्विषा शर्मा के आखिरी मेकअप का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। वीडियो में वह अपने ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती दिखाई दे रही है। फुटेज में वह सामान्य और शांत नजर आ रही है। पुलिस ने इस वीडियो को जांच के लिए जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह ब्यूटी पार्लर त्विषा के ससुराल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
उधर, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उस घर की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जहां त्विषा का शव मिला था। पुलिस पूरे घटनास्थल और उससे जुड़े सभी सबूतों की जांच कर रही है।
मीडिया से बचाते हुए पुलिस समर्थ सिंह को मेडिकल जांच के लिए जेपी अस्पताल ले गई और बाद में सीधे भोपाल जिला अदालत पहुंचाया गया। अदालत परिसर में भी आरोपी को मीडिया की नजरों से बचाने के लिए पीछे के गेट नंबर-3 से अंदर ले जाया गया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि दहेज हत्या मामले में मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों समेत कई अन्य बिंदुओं को लेकर आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी।