वाशिंगटन, 20 जून
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए एयर फोर्स वन विमान का औपचारिक अनावरण किया है, जिसे अब तक के सबसे आधुनिक और भव्य राष्ट्रपति विमानों में से एक बताया जा रहा है। यह विमान पहले कतर के स्वामित्व में था और अब इसे अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान के रूप में पूरी तरह रूपांतरित कर दिया गया है।
नए एयरफोर्स वन की डिजाइन में पारंपरिक हल्के नीले रंग की पहचान को हटाकर नया और आक्रामक लुक दिया गया है। इसके निचले हिस्से को नेवी ब्लू रंग में रंगा गया है, जिसके ऊपर लाल पट्टी बनाई गई है। विमान पर एक तरफ राष्ट्रपति का प्रतीक चिन्ह लगाया गया है, जबकि पीछे के हिस्से में बड़ा अमेरिकी ध्वज उकेरा गया है। इसे सिर्फ एक विमान नहीं बल्कि उड़ता हुआ आलीशान महल बताया जा रहा है।
सुरक्षा और तकनीक के लिहाज से भी इसे अत्याधुनिक बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार इसमें मिरर-बॉल डिफेंस सिस्टम लगाया गया है, जो इन्फ्रारेड मिसाइल गाइडेंस को भ्रमित करने में सक्षम है। इसके अलावा ECM डिफेंस सिस्टम भी शामिल किया जा रहा है, जो दुश्मन के रडार को जाम करने और मिसाइलों को निष्क्रिय करने की क्षमता रखता है। विमान की गति को भी बढ़ाया गया है और यह लगभग 1050 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है।
इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 400 मिलियन डॉलर यानी करीब 3000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वायुसेना के अनुसार यह विमान अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा और सुविधा के उच्चतम मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
विमान के अंदर की सुविधाएं भी बेहद आलीशान हैं। इसमें अत्याधुनिक डाइनिंग और किचन सुविधा है, जहां एक साथ करीब 2,000 लोगों के लिए भोजन तैयार करने की क्षमता बताई गई है। इसके अलावा राष्ट्रपति के लिए विशेष सुइट तैयार किया गया है, जिसमें ड्रेसिंग रूम, शौचालय और जिम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
एंड्रयूज एयर फोर्स बेस के हैंगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने विमान की खूबियों की सराहना की और कहा कि इसे देखकर लोग हैरान रह जाएंगे। इस मौके पर ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ गीत भी बजाया गया, जिससे माहौल और भव्य हो गया।
अधिकारियों के अनुसार यह विमान फिलहाल अस्थायी रूप से उपयोग में लाया जा रहा है, जब तक बोइंग कंपनी नए राष्ट्रपति विमान तैयार नहीं कर देती, जिनके 2028 तक तैयार होने की उम्मीद है। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद वह इस विमान का निजी उपयोग नहीं करेंगे, बल्कि इसे भविष्य की राष्ट्रपति लाइब्रेरी को दान कर दिया जाएगा।