कैनबरा, 13 जुलाई
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर निजी जीवन से जुड़े विवाद के कारण सुर्खियों में हैं। उनकी पार्टनर मोनिका राइट ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि गार्डनर का ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जॉर्जिया वोल के साथ संबंध है। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक न तो एश्ले गार्डनर और न ही जॉर्जिया वोल की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
यह विवाद उस समय सामने आया जब डेली मेल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि गार्डनर और उनकी पार्टनर के रिश्ते में आई दरार के पीछे किसी अन्य महिला क्रिकेटर के साथ कथित संबंध की बात कही गई थी। रिपोर्ट में उस खिलाड़ी का नाम नहीं लिया गया था, लेकिन बाद में मोनिका राइट ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जॉर्जिया वोल की तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि रिपोर्ट में जिस खिलाड़ी का उल्लेख किया गया है, वह जॉर्जिया वोल हैं। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि गार्डनर और राइट के रिश्ते में तनाव इसी वर्ष भारत में आयोजित महिला वनडे विश्व कप के दौरान शुरू हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट के दौरान मोनिका राइट भारत आई थीं और टीम से जुड़े एक अज्ञात सूत्र के हवाले से कहा गया कि उस समय खिलाड़ियों को गार्डनर के व्यवहार में बदलाव महसूस हुआ था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विश्व कप के बाद सिडनी लौटने पर गार्डनर ने राइट से बातचीत के दौरान स्वीकार किया कि उनके रिश्ते में बदलाव आ गया है, जिसके बाद दोनों अलग हो गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, अलग होने से पहले दोनों परिवार बढ़ाने की योजना पर भी विचार कर रहे थे। इसमें यह दावा भी किया गया कि नवंबर में एश्ले गार्डनर सिडनी स्थित अपना घर छोड़कर चली गई थीं और विवाह की अंगूठियां वहीं छोड़ गई थीं।
इस पूरे मामले पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। बोर्ड के वरिष्ठ संचार अधिकारी रिचर्ड हिंड्स ने केवल “नो कमेंट” कहकर प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। वहीं, डेली मेल के अनुसार एश्ले गार्डनर से भी संपर्क किया गया था, लेकिन खबर प्रकाशित होने तक उन्होंने रिपोर्ट या मोनिका राइट के आरोपों पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया था। जॉर्जिया वोल की ओर से भी इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।