नई दिल्ली , जून 6
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्यों ने आज जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है और प्रमुख संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इससे पहले सीजेपी ने घोषणा की थी कि उसे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं, जो शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे जंतर-मंतर पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की करीब 40 कंपनियां दिल्ली पुलिस की सहायता में लगाई गई हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त (DCP), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को फील्ड ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI Airport), प्रमुख रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाले सीमा प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। वहीं, मध्य दिल्ली और अन्य रणनीतिक इलाकों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल को अलर्ट पर रखा गया है।
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) सभी जिलों में गतिविधियों की निगरानी कर रही है। प्रदर्शनकारियों से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति विरोध प्रदर्शन की आड़ में सार्वजनिक व्यवस्था भंग न कर सके।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस निजी कैब सेवा प्रदाताओं के संपर्क में भी है ताकि जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों की ओर यात्रा करने वाले लोगों की संख्या और गतिविधियों का आकलन किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उधर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। एयरपोर्ट, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।