चंडीगढ़, 18 जून
चंडीगढ़ में कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं पर निर्भर यात्रियों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। प्रशासन ने ANI Technologies Private Limited का एग्रीगेटर लाइसेंस तत्काल प्रभाव से 6 महीने के लिए निलंबित कर दिया है। यह आदेश बुधवार से लागू हो गया है, जिसके बाद शहर में Ola Cabs के जरिए किसी भी तरह की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन की ओर से जारी पब्लिक नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि चंडीगढ़ यूटी क्षेत्र में ओला ऐप से कोई भी कैब या बाइक टैक्सी बुक नहीं की जाए। सभी वाहन मालिकों, जिन्होंने अपने वाहन ओला प्लेटफॉर्म से जोड़े हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवाएं बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर वाहनों के खिलाफ चालान और जब्ती जैसी सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक और पंजीकृत कैब सेवाओं का उपयोग करें ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।