मुंबई, 14 जून
आगामी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के प्रमोशन के दौरान शनिवार को पुणे के एक मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अभिनेता शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अपने फैंस से मिलने पहुंचे। सितारों को करीब से देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ ने सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स तक तोड़ दिए, जिसके चलते कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ के बीच शाहिद कपूर को निकलने के लिए संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है। वहीं, कृति सेनन को रश्मिका मंदाना को भीड़ से बचाते हुए कसकर पकड़े हुए भी देखा गया, जिससे वह उन्हें सुरक्षित बाहर निकालती नजर आईं।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कृति सेनन के व्यवहार की खूब तारीफ हो रही है। कई यूजर्स ने उन्हें “बड़ी बहन जैसा” बताते हुए उनके सुरक्षात्मक रवैये की सराहना की है, जबकि कुछ लोगों ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और भीड़ के बेकाबू व्यवहार की आलोचना की है।
होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म एक लव ट्रायंगल पर आधारित है और 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।