Breaking News :

कनॉट प्लेस में अचानक बंद हुए बाजार, आखिर ऐसा क्या हुआ कि NDMC को जारी करने पड़े सख्त निर्देश?

Hl73qnd Cp 625x300 23 July 26
Published On: July 23, 2026

नई दिल्ली, 23 जुलाई

राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस में मौजूदा हालात को देखते हुए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों और कब्जाधारकों से आदेश का सख्ती से पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से कनॉट प्लेस क्षेत्र के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्देश टेलीफोन के माध्यम से जारी किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कनॉट प्लेस और उसके आसपास की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संपत्ति को नुकसान से बचाना है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस फैसले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं और इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ बड़ी संख्या में एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या केंद्र सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ फिर से कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर वायरल हो रही कुछ जानकारियों का खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत अधिकारों के रूटीन तिमाही नवीनीकरण को कुछ लोगों द्वारा चल रहे सीजेपी विरोध-प्रदर्शनों से जोड़कर गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, यह नवीनीकरण विरोध-प्रदर्शनों से पहले ही नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया जा चुका था और इसका मौजूदा प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें।

Logo