अबोहर, 29 जुलाई
पंजाब के अबोहर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शहर के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सुरक्षा कदम उठाते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके घर भेजना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार अजम्प्शन कॉन्वेंट स्कूल और एलआरएस डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के प्रबंधन को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना कोई जोखिम उठाए तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया और विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंच गईं। पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक इस घटना के बाद अबोहर के कई अन्य निजी स्कूलों ने भी एहतियात के तौर पर समय से पहले छुट्टी घोषित कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भरी ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।