Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

पंजाब निकाय चुनाव : सुबह दस बजे तक 13.5 फीसदी वोटिंग

चंडीगढ़ , 26 May

पंजाब निकाय चुनाव में सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान हुआ है। आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा के विधानसभा क्षेत्र में पहले दो घंटे में सबसे अधिक मतदान हुआ है । लोंगोवाल भी सुनाम विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। वहीं इसी जिले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के धूरी विधानसभा इलाके में सबसे कम मतदान हुआ है ।

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंगलवार को पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम इस कदर बढ़ गए हैं कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।

राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। गरीब व्यक्ति कैसे चलेगा? जिसकी आमदनी कम है, वो घर चलाएगा या वाहन चलाएगा? उन्होंने बताया कि पंजाब में औसतन पेट्रोल 105.44 और डीजल 95.38 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया है। जनता को राहत देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैलगाड़ी से वोट डालने का मकसद सरकार को संदेश देना था कि महंगाई ने हालात इतने खराब कर दिए हैं कि लोगों को फिर से बैलगाड़ियों का सहारा लेना पड़ेगा।

राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में चौथी बार दाम बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और सब्जी, राशन समेत जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की आशंका है। राजा वड़िंग ने कहा कि महंगाई ने आम घर का बजट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। किसानों पर भी बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से संसद तक यह मुद्दा उठाएगी।

मोगा निगम चुनाव के दौरान गीता भवन चौक के पास बने पोलिंग बूथ के बाहर लगे आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जो मतदाता शाम 5 बजे तक केंद्रों पर पहुंचेंगे, वे वोट डाल सकेंगे। कुल 3977 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रही है। मोहाली नगर निगम के 50 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने सेक्टर-89 लखनौर में अपने परिवार सहित वोट डाला।

Logo