Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

पंजाब निकाय चुनाव : सुबह दस बजे तक 13.5 फीसदी वोटिंग

चंडीगढ़ , 26 May

पंजाब निकाय चुनाव में सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान हुआ है। आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा के विधानसभा क्षेत्र में पहले दो घंटे में सबसे अधिक मतदान हुआ है । लोंगोवाल भी सुनाम विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। वहीं इसी जिले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के धूरी विधानसभा इलाके में सबसे कम मतदान हुआ है ।

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंगलवार को पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम इस कदर बढ़ गए हैं कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।

राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। गरीब व्यक्ति कैसे चलेगा? जिसकी आमदनी कम है, वो घर चलाएगा या वाहन चलाएगा? उन्होंने बताया कि पंजाब में औसतन पेट्रोल 105.44 और डीजल 95.38 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया है। जनता को राहत देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैलगाड़ी से वोट डालने का मकसद सरकार को संदेश देना था कि महंगाई ने हालात इतने खराब कर दिए हैं कि लोगों को फिर से बैलगाड़ियों का सहारा लेना पड़ेगा।

राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में चौथी बार दाम बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और सब्जी, राशन समेत जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की आशंका है। राजा वड़िंग ने कहा कि महंगाई ने आम घर का बजट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। किसानों पर भी बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से संसद तक यह मुद्दा उठाएगी।

मोगा निगम चुनाव के दौरान गीता भवन चौक के पास बने पोलिंग बूथ के बाहर लगे आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जो मतदाता शाम 5 बजे तक केंद्रों पर पहुंचेंगे, वे वोट डाल सकेंगे। कुल 3977 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रही है। मोहाली नगर निगम के 50 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने सेक्टर-89 लखनौर में अपने परिवार सहित वोट डाला।

पंजाब निकाय चुनाव : कल किसके सिर सजेगा निकायों का ताज? 105 नगर निकायों के लिए वोटिंग कल

चंडीगढ़, मई 25

पंजाब में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। राज्य के 105 नगर निकायों के लिए 26 मई को मतदान होगा, जबकि 29 मई को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। रविवार शाम चुनाव प्रचार थमने के साथ ही रैलियों और सार्वजनिक सभाओं पर रोक लग गई है। अब उम्मीदवार केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। वहीं आज पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

इस बार पंजाब के आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। चुनाव मैदान में कुल 7555 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि 79 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि 2393 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे।

नगर निकाय चुनाव में सबसे ज्यादा उम्मीदवार सत्ताधारी भगवंत मान की पार्टी आम आदमी पार्टी के मैदान में हैं, जिनकी संख्या 1801 बताई जा रही है। इसके बाद कांग्रेस के 1550, भाजपा के 1316 और शिरोमणि अकाली दल के 1251 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बहुजन समाज पार्टी के 96 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 1528 निर्दलीय और 13 अन्य उम्मीदवार भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं क्योंकि इन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। सभी प्रमुख दल इस चुनाव को अपनी राजनीतिक ताकत और जनाधार की परीक्षा के रूप में देख रहे हैं। इस बीच शिरोमणि अकाली दल ने राज्य चुनाव आयोग से मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है। अकाली नेता डा दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बजाय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि प्रदेश में भीषण गर्मी के कारण मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है। उनके अनुसार यदि सुबह और शाम के समय को ध्यान में रखते हुए मतदान अवधि बढ़ाई जाए तो अधिक लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय मजदूर वर्ग के लिए सुविधाजनक नहीं है, क्योंकि कामकाज के चलते कई लोग मतदान से वंचित रह सकते हैं। ऐसे में मतदान समय बढ़ाना लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।

Logo