एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम आदमी की बढ़ी टेंशन
नई दिल्ली, 19 मई :
देश में महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ा दी हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि महज एक हफ्ते के भीतर ईंधन की कीमतों में दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
इससे पहले बीते शुक्रवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की थी। उस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई थी, जबकि डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था। अब मंगलवार को फिर से दाम बढ़ने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल भी 91 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 91.58 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य बड़े महानगरों में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में तेज उछाल देखने को मिला है। मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे महंगा होकर 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 94 पैसे बढ़कर 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा 96 पैसे बढ़े हैं, जिसके बाद वहां पेट्रोल 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल भी 94 पैसे महंगा होकर 96.07 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86 पैसे महंगा होकर 96.11 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम आदमी की चिंता और बढ़ा दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से अब रोजमर्रा की चीजों और परिवहन खर्च में भी बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है।







