Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

10 दिनों में दूसरी बड़ी मार ! पेट्रोल-डीजल फिर उछले, रसोई से सफर तक बढ़ेगा हर खर्च

नई दिल्ली, 25 मई

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बड़ा इजाफा कर दिया गया, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। मई महीने में ईंधन की कीमतों में यह चौथी वृद्धि है, जिसने लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

इस ताजा बढ़ोतरी का असर पंजाब और ट्राई सिटी क्षेत्र में भी साफ दिखाई दिया। बीते 15 मई से अब तक केवल 10 दिनों के भीतर पंजाब में पेट्रोल कुल 7.25 रुपये और डीजल 7.55 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। नई दरों के बाद पंजाब में पेट्रोल की औसत कीमत 105.44 रुपये और डीजल 95.38 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

चंडीगढ़ में पेट्रोल अब 101.53 रुपये और डीजल 89.63 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मोहाली में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक 105.99 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है। जालंधर में पेट्रोल 104.87 रुपये और डीजल 94.84 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि लुधियाना में पेट्रोल 105.42 रुपये और डीजल 95.34 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पठानकोट में भी पेट्रोल 105.87 रुपये और डीजल 95.79 रुपये प्रति लीटर तक जा पहुंचा है।

लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर और आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किरायों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से सब्जियां, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें भी जल्द महंगी हो सकती हैं।

बाजार में दूध के दाम पहले ही 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि एक सामान्य परिवार का मासिक रसोई खर्च अब 10 से 12 हजार रुपये से बढ़कर 11 से 13 हजार रुपये तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की चिंता और मुश्किलें दोनों बढ़ा दी हैं।

पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर उछाल, 10 दिन में तीसरी बार बढ़ी कीमतें

चंडीगढ़, 23 मई

देश के आम आदमी के लिए ईंधन महंगाई की मार लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। आज पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।

यह बढ़ोतरी वाहन चालकों के लिए राहत देने वाली नहीं है, क्योंकि केवल दस दिनों के भीतर यह तीसरी बार ईंधन की कीमतों में इजाफा है। इससे पहले इसी सप्ताह पेट्रोल और डीजल के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई थी। इसके कुछ दिन पहले भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा किया था।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव से पहले क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल थीं, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी हैं। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया, जिसके कारण उन्होंने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है, तो पेट्रोल और डीजल के दाम और भी बढ़ सकते हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।

Logo