Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

विश्व कप की जंग के लिए उड़ान भर चुकी टीम इंडिया, अब हर नजर हरमनप्रीत की सेना पर

मुंबई, 23 मई

महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार को मुंबई से इंग्लैंड रवाना हो गई। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया इस बार पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पिछले साल वनडे विश्व कप अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है और अब उसकी नजर सबसे छोटे प्रारूप में विश्व चैंपियन बनने पर टिकी है।

टी20 विश्व कप का आयोजन 12 जून से पांच जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में किया जाएगा। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 28 मई से होगी। इस सीरीज को विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है और टीम इंडिया इसमें अपनी रणनीति और संयोजन को मजबूत करने की कोशिश करेगी।

इस बार टी20 विश्व कप में 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम को ग्रुप-1 में रखा गया है, जिसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है। इस ग्रुप में कई मजबूत टीमें शामिल हैं और भारत-पाकिस्तान के बीच पारंपरिक मुकाबला भी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है।

भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी रहेंगी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भारत के मुकाबले भी बेहद रोमांचक माने जा रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस महीने की शुरुआत में विश्व कप के लिए टीम का ऐलान किया था। टीम में अनकैप्ड खिलाड़ी नंदिनी शर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को जगह दी गई है। वहीं प्रतिका रावल टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकीं, जबकि ऑलराउंडर अमनजोत कौर चोट के कारण इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।

Logo