Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

NEET फीस रिफंड के लिए समय बढ़ा, 13 लाख उम्मीदवारों ने जमा किए बैंक विवरण

नई दिल्ली, मई 29

नीट यूजी 2026 परीक्षा से जुड़े उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। यह कदम उन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिन्होंने अब तक अपने बैंक विवरण जमा नहीं किए हैं।

नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद NTA ने 21 जून को परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया। एजेंसी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई नया परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई फीस लौटाई जाएगी।

शुरुआत में 22 मई से 26 मई तक उम्मीदवारों को बैंक विवरण दर्ज करने की सुविधा दी गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवारों ने अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर दी है। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी नोटिस में कहा कि जिन उम्मीदवारों ने अब तक विवरण जमा नहीं किए हैं, उन्हें अतिरिक्त समय देने के लिए यह सुविधा 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ा दी गई है।

एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नीट यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन करके रिफंड लिंक के माध्यम से अपने बैंक विवरण सही तरीके से भरें। उम्मीदवार चाहें तो विवरण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए बैंक कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं। NTA ने स्पष्ट किया कि एक बार विवरण जमा होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं होगा।

इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। फिलहाल पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।

Logo