नई दिल्ली, 25 जुलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक रील ने सोशल मीडिया पर नया इतिहास रच दिया है। शुक्रवार रात 24 घंटे के भीतर दूसरी बार साझा किए गए वीडियो के साथ प्रधानमंत्री ने युवाओं से संवाद जारी रखा, जबकि इससे पहले पेपर लीक रोकने के उपायों पर उनकी आधी रात को पोस्ट की गई रील ने 30.3 करोड़ से अधिक व्यूज हासिल कर इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली रील का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया।
इस रिकॉर्डतोड़ रील के वायरल होने का असर प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी दिखाई दिया। महज एक रात में उनके खाते से करीब 10 लाख नए फॉलोअर जुड़ गए। इस रील ने 30 करोड़ व्यूज का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जो लोकप्रिय इंटरनेट क्रिएटर आईशोस्पीड की फीफा विश्व कप के दौरान दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध संगीत समूह बीटीएस के सदस्यों के साथ मुलाकात वाली रील के नाम दर्ज था।
रिकॉर्डतोड़ प्रतिक्रिया मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक नई इंस्टाग्राम रील साझा कर लोगों, विशेष रूप से युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देर रात उन्हें लोगों से मिलने का अवसर मिला और वीडियो पर मिले सकारात्मक सुझावों तथा प्रतिक्रियाओं के लिए वह सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों का स्नेह उन्हें आगे भी प्रेरित करता रहेगा और यह अपनापन उनके और लोगों के बीच रिश्ते को और मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री का यह डिजिटल संवाद ऐसे समय सामने आया है, जब परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इसे उनके 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख चुनौतियों में से एक माना जा रहा है और इसी बीच युवाओं तक सीधे पहुंचने की उनकी कोशिशों को भी अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री की रिकॉर्ड बनाने वाली रील को अब तक 1.6 करोड़ से अधिक लाइक और 15 लाख से ज्यादा टिप्पणियां भी मिल चुकी हैं। सोशल मीडिया पर इस रील की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सबसे अधिक चर्चा में रहने वाली पोस्टों में शामिल हो गई है।