नई दिल्ली , 30 May
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को तीन राज्यों में 19 ठिकानों पर ताबड़तोड़ तलाशी अभियान चलाया। एनआईए की यह कार्रवाई केरल के मलप्पुरम जिले से अवैध विस्फोटकों की बरामदगी से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय जांच एजेंसी केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में 19 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है।
एनआईए ने केरल के तिरुआरंगडी में विस्फोटक सामग्री से भरे ट्रक की जांच के मामले में मलप्पुरम जिले में दो स्थानों पर छापेमारी की। तिरुरंगडी के एक गोदाम और पुथियाथुकुन्नू, वंदूर में ट्रक मालिक की पत्नी के घर पर तलाशी ली गई। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।
छापेमारी आरोपियों के स्वामित्व वाले आवासों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फर्मों के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर की गई। मलप्पुरम जिले के तिरुआरंगडी और वंडूर, कोझिकोड जिले के एरानजिमावु, और कन्नूर तथा कासरगोड जिलों के कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
एनआई की यह कार्रवाई तिरुआरंगडी के पास विस्फोटक बरामदगी की चल रही जांच के मद्देनजर ये तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। एनआईए ने कहा, “हमने इस घटना के संबंध में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है। जांच का उद्देश्य विस्फोटकों के अवैध परिवहन और इसमें शामिल लोगों के इरादों के बारे में जानकारी का पता लगाना है। आरोपियों के स्वामित्व वाली फर्मों के अलावा, संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी जांच की जा रही है।”