Breaking News :

7.1 तीव्रता के भूकंप से दहला जापान, सुनामी की चेतावनी के बाद हाई अलर्ट पर कई प्रांत

L84220240109160030
Published On: July 28, 2026

टोक्यो, 28 जुलाई

जापान के दक्षिणी क्यूशू क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से व्यापक दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र कुमामोटो प्रांत के पास बताया गया है। तेज झटकों के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से तुरंत समुद्र तटों और निचले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार भूकंप के बाद लगभग एक मीटर (3.28 फीट) ऊंची सुनामी लहरें उठने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर जापान सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी कर दी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भूकंप के बाद आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ा है। ट्रेन संचालक जेआर क्यूशू ने सुरक्षा कारणों से अपनी सभी रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं, जिनमें हाई-स्पीड शिंकानसेन ट्रेनें भी शामिल हैं। वहीं, क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर ने बताया कि सेंडाई और जेनकाई परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या असामान्य स्थिति की सूचना नहीं मिली है।

जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में गिना जाता है। यह देश प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले ज्वालामुखियों और समुद्री गर्तों वाले क्षेत्र ‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है, जहां लगातार भूगर्भीय गतिविधियां होती रहती हैं। दुनिया में 6.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले लगभग 20 प्रतिशत भूकंप जापान में ही दर्ज किए जाते हैं।

इसी बीच चीन के छिंगहाई प्रांत में भी मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट के अंतराल में दो भूकंप आए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहला भूकंप सुबह 11:16 बजे 5.7 और दूसरा 11:34 बजे 5.8 तीव्रता का दर्ज किया गया। दोनों भूकंप जमीन से लगभग 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आए। फिलहाल इन झटकों से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।

Logo