पटियाला, 27 जुलाई
पंजाब में पिछले छह दिनों से सामूहिक अवकाश पर रहकर आंदोलन कर रहे हजारों बिजली कर्मचारियों ने रविवार को अपनी हड़ताल समाप्त कर दोबारा काम पर लौटने का फैसला कर लिया। यह निर्णय पटियाला में वित्त मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान पावर मैनेजमेंट द्वारा कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद लिया गया।
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के कर्मचारी संगठनों के नेताओं अवतार कैंथ, हरपाल धालीवाल, कुलविंदर ढिल्लों और मनजीत चाहल ने बताया कि सरकार और पावर मैनेजमेंट के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही। बैठक में कर्मचारियों की कुछ महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनने के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त कर सभी कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी दोबारा संभालने का निर्णय लिया है।
हालांकि कर्मचारी नेताओं ने सरकार और पावर मैनेजमेंट को स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि यदि स्वीकार की गई मांगों को तय समय सीमा के भीतर लागू नहीं किया गया तो उन्हें फिर से आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले छह दिनों से बिजली कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर थे, जिसके कारण विभाग के रखरखाव कार्य और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब बिजली सेवाओं के जल्द पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।