नई दिल्ली , जून 27
देश के कई राज्यों में जहां एक ओर भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 16 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दूसरी ओर मानसून भी तेजी से आगे चल रहा है। IMD के अनुसार अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होगी, जबकि 28 जून को असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में कल यानी 28 जून को आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 41 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है। वहीं 30 जून तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 30 जून को भी आंधी चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा में पंजाब में 28 जून से 2 जुलाई के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा मौसम विभाग के पू्र्वानुमान के अनुसार, इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 28 से 30 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। जबकि एक से 3 जुलाई के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, सिरमौर में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी।