नई दिल्ली , May 20
उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 13 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत के 13 राज्यों में अगले 16 घंटों में तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
IMD के अनुसार दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का संभावना है। मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं अगले कई दिनों तक उत्तर भारत के सभी राज्यों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 21 से 26 मई के दौरान भीषण हीव वेव का अलर्ट जारी किया है। जहां सुबह से शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ सकते हैं, वहीं आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान हवाओं की स्पीड करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में पारा के 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार है।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। बांदा जिले में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच चुका है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, 20 से 26 मई तक लू और भीषण लू का असर रहेगा। जबकि लखनऊ में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, नोडएा और बरेली में गर्म रातें पड़ सकती हैं।
पंजाब के चंडीगढ़ में तापमान करीब 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, आने वाले दिनों में भीषण लू का असर देखने को मिलेगा। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में भीषण गर्मी के बीच धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 26 मई तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में कल से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और मंडी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।