Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

मानसून की दस्तक करीब, लेकिन उत्तर भारत पर गर्मी का नया कहर! मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

नई दिल्ली, 2 जून

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल की दहलीज तक पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के 4 जून तक केरल पहुंचने की प्रबल संभावना है और इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं।

मौसम विभाग ने तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेल्ली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मापुरी, कृष्णागिरी, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, तिरुवन्नामलाई, रानीपेट और मदुरै सहित कई जिलों में 7 जून तक अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इसके विपरीत उत्तर तटीय तमिलनाडु और राजधानी चेन्नई में लोगों को उमस भरी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उच्च तापमान और अत्यधिक आर्द्रता के कारण क्षेत्र में लू जैसी परिस्थितियां बन रही हैं। क्षेत्रीय मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार चेन्नई सहित कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। उत्तर तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान में अगले दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में सोमवार को मौसम ने करवट ली और कई जिलों में आंधी व बारिश दर्ज की गई। इससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। विभिन्न जिलों में हुई वर्षा के कारण तापमान में अस्थायी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। इसके चलते मंगलवार से तापमान में फिर तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी। अगले दो से तीन दिनों में पारा छह डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है। इससे पहले राज्य सरकार भी आगामी दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी कर चुकी है।

मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने और आंधी आने की संभावना है। कई स्थानों पर बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। वहीं राजस्थान और गुजरात में भी कुछ इलाकों में आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के आसार बने हुए हैं, जबकि पूर्वोत्तर भारत के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 और 7 जून को पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक बारिश हो सकती है।

देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के इस बदलते स्वरूप के बीच जहां दक्षिण भारत मानसून के स्वागत की तैयारी कर रहा है, वहीं उत्तर भारत के लोगों को एक बार फिर तपती गर्मी और बढ़ते तापमान का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

आसमान से बरसी आग: देशभर में पारा 48 डिग्री पार, अगले 6 दिन तक ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली, 23 मई

देशभर में भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। शुक्रवार को कई राज्यों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे लोगों पर हीट स्ट्रेस का खतरा और बढ़ गया है। लगातार बढ़ती गर्मी और रात के समय भी तापमान में राहत न मिलने से शरीर को दिनभर की गर्मी से उबरने का मौका नहीं मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में 28 मई तक हीटवेव और गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

आईएमडी के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 से 28 मई के बीच गंभीर हीटवेव का खतरा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अगले कई दिनों तक लू चलने का अनुमान है। राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है और पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और हिमालयी राज्यों के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू का असर महसूस किया जाएगा।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और तेलंगाना में वॉर्म नाइट की चेतावनी भी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति ज्यादा खतरनाक होती है क्योंकि रात में तापमान कम न होने से शरीर दिनभर की गर्मी से उबर नहीं पाता।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है। IMD ने शुक्रवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले दो घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि धूल भरी आंधी के बाद तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका है, जिससे कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

उत्तर प्रदेश इस भीषण गर्मी से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में पारा 46.6 और वाराणसी में 45.6 डिग्री तक पहुंचा। राज्य के 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, और बांदा प्रशासन ने दोपहर के समय ट्रैफिक सिग्नल बंद करने का कदम उठाया ताकि लोग धूप में ज्यादा समय न रहें।

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। हरियाणा के रोहतक में तापमान 45.3 डिग्री, फरीदाबाद में 45 डिग्री और गुरुग्राम में 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रशासन ने 24 से 27 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि गर्म और शुष्क हवाएं अभी भी जारी रहेंगी, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है।

21 मई का मौसम : अगले 15 घंटों में 17 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली , May 20

उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 13 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत के 13 राज्यों में अगले 16 घंटों में तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

IMD के अनुसार दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का संभावना है। मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं अगले कई दिनों तक उत्तर भारत के सभी राज्यों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 21 से 26 मई के दौरान भीषण हीव वेव का अलर्ट जारी किया है। जहां सुबह से शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ सकते हैं, वहीं आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान हवाओं की स्पीड करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में पारा के 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार है।

उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। बांदा जिले में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच चुका है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, 20 से 26 मई तक लू और भीषण लू का असर रहेगा। जबकि लखनऊ में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, नोडएा और बरेली में गर्म रातें पड़ सकती हैं।

पंजाब के चंडीगढ़ में तापमान करीब 45 डिग्री तक पहुंच चुका है, आने वाले दिनों में भीषण लू का असर देखने को मिलेगा। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में भीषण गर्मी के बीच धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 26 मई तक भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में कल से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और मंडी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर: पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में येलो अलर्ट जारी

चंडीगढ़, 19 मई

उत्तर भारत में प्री-मानसून तूफानी दौर अचानक समाप्त होते ही मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और जानलेवा लू का सिलसिला शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया और चेतावनी दी कि 24 और 25 मई तक क्षेत्र में बेहद गर्म हवाएं चलेंगी। इस दौरान कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 42°C से 45°C के बीच रहने की संभावना है। शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं और बारिश की कमी के कारण मैदानी इलाके लगातार हीट स्ट्रेस के दबाव में हैं। दिल्ली में बीते सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पारा 43.4°C तक पहुंच गया और कुछ स्थानीय इलाकों में 44°C को पार कर गया। पंजाब और हरियाणा के शहरों में भी हालत ऐसे ही बने हुए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार स्थिति केवल दिन के बढ़ते तापमान की वजह से ही चिंताजनक नहीं है, बल्कि रातें भी असामान्य रूप से गर्म बनी हुई हैं। “वार्म नाइट” के चलते रात के समय तापमान में आवश्यक गिरावट नहीं हो रही, जिससे मानव शरीर को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल पा रही है। इस असामान्य गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले मजदूरों में डिहाइड्रेशन, अत्यधिक थकान और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले एक हफ्ते तक बारिश या धूलभरी आंधी की संभावना नहीं है और नागरिकों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीधे धूप में निकलने से बचने और लगातार पानी पीते रहने की सख्त सलाह दी गई है।

पूर्वानुमानों के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू और गंभीर लू की स्थिति जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से तेज गर्मी देखने को मिल सकती है। जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हफ्ते के अंत में छिटपुट बारिश की संभावना है, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के मैदानी क्षेत्रों को इससे कोई राहत नहीं मिलेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत को इस तपिश से असली राहत मई के अंत में ही मिल सकती है, जब दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से कुछ पहले यानी 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। यदि मानसून की गति तेज रही, तो जून की शुरुआत में उत्तरी मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है।

Logo