Breaking News :

20 जुलाई से गूंजेगा संसद का मानसून सत्र, कई अहम मुद्दों पर टकराव के आसार

Ss
Published On: July 4, 2026

नई दिल्ली, 4 जुलाई

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा। भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाने को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा की।

किरेन रिजिजू ने बताया कि राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद मानसून सत्र 20 जुलाई, 2026 से प्रारंभ होकर 13 अगस्त, 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर सार्थक बहस, चर्चा और निर्णय होंगे। संसदीय परंपरा के अनुसार सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। इसके बाद दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा कराई जाएगी।

करीब तीन सप्ताह तक चलने वाले इस सत्र के दौरान केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को संसद से पारित कराने की कोशिश करेगी। वहीं विपक्ष भी विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

हाल के दिनों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट से जुड़े पेपर लीक विवाद, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठा विवाद तथा अन्य राजनीतिक मुद्दे लगातार चर्चा में रहे हैं। माना जा रहा है कि इन विषयों पर संसद के भीतर तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन सकती है।

इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस में कथित अंदरूनी विवाद और उससे जुड़े घटनाक्रम पर भी संसद में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संभावित फैसलों पर भी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। कांग्रेस ग्रेट निकोबार परियोजना को लेकर भी केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखे राजनीतिक मुकाबले तथा कई मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिल सकती है।

Logo