नई दिल्ली , जून 15
देश में एक बार फिर से बारिश-तूफान लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 16 जून को यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी। आम लोगों और किसानों को बहुत अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। खतरनाक आंधी के चलते कुछ राज्यों में बड़े-बड़े वृक्ष जड़ से धाराशायी हो सकते हैं। वहीं, पूर्वी राज्यों में बिजली और वज्रपात कहर बरपा सकती है।
पहाड़ी राज्यों में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी है। मछुआरों और किसानों को नदी के किनारे जाने से बचने के लिए कहा गया है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है।
मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 16 जून को 19 राज्यों यूपी, बिहार, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। पूर्वी राज्यों में आंधी के चलते फसलों को नुकसान हो सकता है।
हिमाचल के कांगड़ा, मंडी, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तूफान चलेगा। वहीं, कल यानी 16 जून को मनाली का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा तो न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
पंजाब में पठानकोट, बरनाला, पटियाला, लुधियाना, गुरदासपुर, चंडीगढ़ और जालंधर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी।