Breaking News :

16वीं बार सुनारिया जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख राम रहीम

213607 Osnkwmfcos 1779770799
Published On: May 26, 2026

रोहतक, May 26

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को प्रशासन ने एक बार फिर 30 दिन की पैरोल दे दी है। अर्जी मंजूर होने के बाद वह रोहतक की सुनारिया जेल से 16वीं बार बाहर आ गया है। मंगलवार सुबह उसे जेल से रिहा किया गया। इस दौरान जेल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई। गौरतलब है कि राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड जैसे गंभीर मामलों में अपनी सजा काट रहा है।
सुबह 6:34 बजे गुपचुप तरीके से रिहाई

रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा डेरा चीफ राम रहीम मंगलवार सुबह ठीक 6 बजकर 34 मिनट पर जेल परिसर से बाहर निकला। अमूमन उसकी रिहाई के समय सुरक्षा का कड़ा पहरा रहता है, लेकिन इस बार वह बिल्कुल गुपचुप तरीके से बाहर आया। मौके पर पुलिस की कोई भारी सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी और वह बिना किसी तामझाम के अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गया।

राम रहीम का जेल से बाहर आना अब कोई नई बात नहीं रह गई है। यह 16वां मौका है जब वह पैरोल, फरलो या स्वास्थ्य कारणों के जरिए सलाखों से बाहर आया है। इससे पहले भी वह 15 बार इसी तरह राहत पा चुका है। एक सजायाफ्ता कैदी को बार-बार मिलने वाली इस पैरोल को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं।

विदित हो कि डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अगस्त 2017 में पंचकूला की सीबीआई अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल लाया गया था। वह अपने डेरे की दो पूर्व साध्वियों के साथ यौन शोषण करने और सिरसा के एक पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में दोषी करार दिया जा चुका है। इन्हीं संगीन मामलों में वह जेल में अपनी लंबी सजा काट रहा है। राम रहीम अब तक 16 बार पैरोल, फरलो और स्वास्थ्य कारणों से जेल से बाहर आ चुका है।

Logo