Breaking News :

वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों ने मचाया कहर, मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

Images
Published On: June 25, 2026

काराकस, 25 जून

वेनेजुएला में बुधवार शाम लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी। राजधानी काराकस समेत कई क्षेत्रों में इमारतें ढह गईं, जिससे अब तक 35 लोगों की मौत और लगभग 700 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। इस आपदा के बाद पूरे देश में दहशत का माहौल है और इसे पिछले एक सदी से अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है।

अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में लगभग 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह क्षेत्र राजधानी काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर स्थित है। पहले झटके के मात्र एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इसका केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

भूकंप के बाद संभावित समुद्री खतरे को देखते हुए अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है। वहीं डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों ने भी अपने द्वीपीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। हालांकि प्यूर्टो रिको के लिए पहले जारी किया गया सुनामी अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया।

भूकंप के तेज झटके महसूस होते ही काराकस में लोग घबराकर घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। बड़ी संख्या में लोग लंबे समय तक खुले स्थानों पर डटे रहे। राजधानी के कई इलाकों में इमारतों की दीवारें भरभराकर गिर गईं और धूल के घने गुबार आसमान में छा गए। विशेष रूप से उन व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ, जहां आमतौर पर रेस्तरां और कारोबारी प्रतिष्ठानों में काफी भीड़ रहती है।

गृह मंत्री दियोस्दादो काबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके देश के कई राज्यों में महसूस किए गए। उन्होंने कहा कि काराकस के अल्टामिरा इलाके में कई मकानों और इमारतों के ढहने से स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है तथा हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को निर्बाध रास्ता दें ताकि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल सके।

काबेलो ने लोगों से सतर्क रहने और विशेष रूप से बच्चों तथा बुजुर्गों का ध्यान रखने का आग्रह किया है। स्थानीय निवासी रॉबर्टो डमास ने बताया कि झटके इतने शक्तिशाली थे कि इमारतें बुरी तरह हिलने लगीं और सड़क पर चल रहे लोग भी संतुलन खोने लगे। उन्होंने कहा कि घर का अधिकांश सामान गिर गया, लेकिन वे समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबा हटने के साथ ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर और भी भयावह हो सकती है।

Logo